नीमच - परम पूज्य अवंति तीर्थोद्धारक राष्ट्ररत्न खरतरगच्छाधिपति आचार्य श्री जिनमणिप्रभसूरीश्वरजी म.सा., पूज्य गणिवर्य श्री मयंकप्रभसागरजी म.सा., पूज्य मुनि श्री विरक्तप्रभसागरजी म.सा. आदि ठाणा 3 की निश्रा में एवं पूज्य बहिन म. डॉ. विद्युत्प्रभाश्रीजी म.सा. आदि ठाणा 4 तथा साध्वी श्री विरलप्रभाश्रीजी म.सा. आदि ठाणा 3 की पावन सानिध्यता में नीमच (मध्यप्रदेश) में 20 अप्रैल 2026 को वर्षीतप के पारणे भव्य एवं श्रद्धापूर्ण रूप से सम्पन्न हुए। इस अवसर पर नगर में विशाल वरघोड़ा निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वरघोड़े के दौरान श्रद्धालुओं ने भीड़भंजन पार्श्वनाथ मंदिर में दर्शन-वंदन किए तथा प्राचीन दादा गुरुदेव की पगलों के दर्शन कर मंडप पहुंचे। इस आयोजन में लगभग 100 तपस्वीयों ने वर्षीतप का पारणा किया, वहीं साध्वी श्री विरलप्रभाश्रीजी म.सा. एवं साध्वी श्री कृतार्थप्रभाश्रीजी म.सा. का भी वर्षीतप पारणा सम्पन्न हुआ। तत्पश्चात् पूज्य गुरुदेव श्री द्वारा साध्वी श्री विरलप्रभाश्रीजी म.सा. को कामली अर्पित की गई, साथ ही बहिन म.सा. द्वारा भी कामली ओढ़ाई गई। वर्षीतप पारणे का लाभ श्री शांतिलाल जी मेमाबाई गांधी परिवार ने प्राप्त किया।

इस समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, साथ ही बाहर से पधारे अनेक गणमान्य नागरिकों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही, जिसमें जावद क्षेत्र पूर्व मंत्री विधायक मध्य प्रदेश श्री ओमप्रकाश जी संखलेचा, विधायक नीमच श्री दिलीप सिंह जी परिहार, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नीमच श्री राकेश जी पप्पू जैन, जावरा सांसद प्रतिनिधि श्री प्रदीप जी चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष नीमच श्री संतोष जी चोपड़ा, छोटी बड़ी सादड़ी संघ के अध्यक्ष श्री गुणवंतलाल जी तथा प्रदेशाध्यक्ष साधु मार्ग सघं श्री अजीत जी चैलावत जावद प्रमुख रूप से शामिल रहे एवं कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में सम्पन्न हुआ।