BREAKING

चारूवा में गरिमामय समारोह के साथ संपन्न हुआ समता भवन भूमि वंदन-परिवर्धन कार्यक्रम।

Share:

समता भवन बने बच्चों में संस्कारों का सृजन केंद्र: नरेंद्र गांधी

चारूवा : श्री अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ के अंतर्गत श्री जैन श्वेतांबर श्री संघ चारूवा के तत्वाधान में सोमवार को चारूवा में समता भवन भूमि वंदन-परिवर्धन कार्यक्रम एवं सर्वमंगल अनुष्ठान अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में बड़ी संख्या में स्वधर्मी बंधुओं, गुरु भक्तों और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। 


कार्यक्रम का संयोजन समता भवन निर्माण समिति अ.भा. साधुमार्गी जैन संघ बीकानेर एवं आयोजन का प्रायोजन श्री जैन श्वेतांबर श्री संघ चारूवा द्वारा किया गया। समारोह के अंत में सभी ने इस पावन कार्य में पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया।भूमिपूजन के पश्चात दस्तूर गार्डन में आयोजित समारोह में समाज की एकता, संगठन और धार्मिक-सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर विचार रखे गए। इस दौरान सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजजनों, वीर परिवारों और सहयोगी भामाशाहों का सम्मान किया गया।कार्यक्रम में संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र गांधी, महामंत्री सुरेश बच्छावत, कोषाध्यक्ष राजेश बच्छावत, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजय कुमार टंच, राष्ट्रीय मंत्री विनोद मेहता, अहिंसा प्रचारक महेश नाहटा, राजेंद्र सुराना, अभय चोपड़ा, कमल पिरोदिया एवं राजकुमार बाफना सहित राष्ट्रीय और आंचलिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रानू पटेल, राजपूत परिषद के संभागीय अध्यक्ष बद्रीप्रसाद पटेल, वीर पिता हेमचन्द्र भंडारी, वीर माता श्रीमती सुषमा समदड़िया एवं शांता बाई चौरडिया भी मंचासीन थे। इस अवसर पर समता भवन के लिए भूमि दान देने वाली सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती मैना सतीश चपलोद, नगीनचंद कोटेचा, राजकुमार बाफना का विशेष तौर पर आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।


​संस्कारों के सृजन और आचार्य श्री के मार्ग पर चलने का आह्वान

​कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अखिल भारतीय साधुमार्गी जैन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र गांधी ने अपने उद्बोधन में समता भवन के व्यापक उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक व सांस्कृतिक भवन का उपयोग नई पीढ़ी और बच्चों को उत्तम संस्कारित करने के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने आचार्य श्री रामलालजी महाराज साहब के बताए मार्ग पर निष्ठापूर्वक चलने, जीवन में त्याग, नियम और प्रतिक्रमण को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा गुरुदेव के संदेशों पर चलकर और जीवन में उतारकर अपने कर्मों की निर्जरा कर सकते हैं। संस्कार पाठशाला के माध्यम से बच्चो को अच्छे संस्कार देकर उनका भविष्य सुधार सकते है। जिससे उनके जीवन का नया निर्माण होगा। उन्होंने साधुमार्गी जैन संघ द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी, परोपकारी, गतिविधियों की जानकारी भी उपस्थितजनों को दी। उन्होंने बताया कि महत्तम महोत्सव के अन्तर्गत कई आयाम गुरुदेव ने दिए हैं, इसके कई छोटे प्रकल्पों के माध्यम से हम अपने जीवन को सुधार सकते हैं। इसके अंतर्गत दानपेटी योजना, समता शाखा, ग्लोबल कार्ड, समता साहित्य, जीवदया, अभिरामम, रामामृतम ध्यान साधना,धर्म आराधना, जैन श्रमणोपासक, अन्नदानम, साहित्य सदस्य, समता सर्व मंगल जैसे संघ के प्रकल्प शामिल है।

नरेंद्र गांधी: एक बहु आयामी व्यक्तित्व 

उल्लेखनीय है कि नरेंद्र गांधी अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में समाज के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। हाल ही में अक्टूबर 2026 में अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय बुक फेस्टिवल और बीकानेर में आयोजित संघ के राष्ट्रीय अधिवेशन व विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में उनकी गरिमामयी उपस्थिति रही थी। वे आचार्य प्रवर श्री रामलाल जी महाराज एवं अन्य संतों के सान्निध्य में संघ के विभिन्न अभियानों (जैसे संस्कार पाठशाला और अन्य सामाजिक कार्यों) का नेतृत्व कर रहे हैं।

​अहिंसा परमो धर्मः से ही समाज में स्थापित होगी एकता 

​कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के पूर्व मंत्री कमल पटेल ने भगवान महावीर स्वामी के शाश्वत सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने अहिंसा परमो धर्म:, जियो और जीने दो तथा परस्परोग्रहो  जीवानाम् (सभी जीव एक-दूसरे के उपकार के लिए हैं) के मूल मंत्र की शानदार व्याख्या करते हुए इसके व्यावहारिक जीवन में महत्व को समझाया। अपने संबोधन में उन्होंने समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और सनातन एकता को मजबूत करने पर विशेष बल दिया।

जैन समाज के साथ जैनेतर बंधुओं ने भी की सहभागिता 

आयोजन में आस पास के संघ, क्षेत्रीय एवं स्थानीय समाजजनों के साथ साथ जैनेतर परिवारों ने भी समता भवन के निर्माण के लिए दान देने में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। समारोह को चारूवा श्रीसंघ अध्यक्ष नगीन चंद कोटेचा, श्रीमती मैना चपलोद, अंशुल नाहर, प्रथमेश नाहर, सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

मैना जी चपलोद एवं उत्साही निखिल (मोंटू) कोटेचा ने समता भवन निर्माण का सपना साकार होते देख मन मयूर नाच उठा और खुशी से नैना विराम हो गए।

वक्ताओं ने समता भवन को समाज की धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए इसे समाज की एकजुटता और भावी पीढ़ी के संस्कारों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया। कार्यक्रम का सुमधुर संचालन अहिंसा प्रचारक महेश नाहटा, आशीष समदड़िया ने किया। स्थानीय संघ मंत्री प्रथमेश जैन ने आभार व्यक्त किया। आयोजन के समापन पर सामूहिक सहभोज हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों ने सहभागिता कर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का परिचय दिया। इस अवसर पर सांगवा, कालधड, बीकानेर, जावद, विराटनगर (नेपाल), गुड़ी, हरदा, बदनावर, रतलाम, सनावद, इंदौर, बुरहानपुर, पाडल्या आदि आसपास ग्रामों कस्वो से श्रद्धालु, स्वधर्मी बंधु, गुरु भक्त उपस्थित रहे।

Share: