रायपुर - विवेकानंद नगर स्थित श्री संभवनाथ जिनालय में सावन सुदी अष्टमी के पावन अवसर पर गुरुवार 20 अगस्त को भगवान पार्श्वनाथ का मोक्ष निर्वाण कल्याण महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिनालय में भगवान पार्श्वनाथ परमात्मा का अभिषेक, पूजन और भक्ति कार्यक्रम हुआ। लाभार्थी परिवार की ओर से परमात्मा का अभिषेक कर निर्वाण लाडू अर्पित किया गया।
भक्तिमय आयोजन परम पूज्य मुनिश्री संवेगरत्न सागर जी म.सा. आदि थाणा की पावन निश्रा में हुआ। ज्ञानवल्लभ उपाश्रय में चातुर्मासिक प्रवचनमाला के बाद मुनिभगवंतों की पावन निश्रा में श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा लेकर श्री संभव नाथ जिनालय पहुंचे।
जिनालय में लाभार्थी परिवार ने भगवान पार्श्वनाथ का विधिवत अभिषेक कर निर्वाण लाडू चढ़ाया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से परमात्मा की आराधना की और एक-दूसरे को मोक्ष निर्वाण कल्याण महोत्सव की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के समापन पर प्रभावना स्वरूप सभी श्रद्धालुओं को मोदक वितरित किया गया। महोत्सव के दौरान जिनालय का वातावरण भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में श्रावक- श्राविकाओं ने आयोजन में शामिल होकर भगवान पार्श्वनाथ की आराधना की।