रायपुर - आत्मशुद्धि, तप आराधना और संयम साधना के भावों से सुसज्जित तीन दिवसीय ‘संयम संग्रामोत्सव’ का दूसरा दिन रविवार को श्रद्धा, भक्ति और वैराग्य के वातावरण में भव्य रूप से संपन्न हुआ। दिनभर चले धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में समाजजन और श्रद्धालु शामिल हुए। मुमुक्षुओं एवं तपस्वियों की रथयात्रा, विरति संवेदना और शाम को हुए संयम संवेदना एवं संगीत कार्यक्रम ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
सुबह 7:45 बजे सदर बाजार जैन मंदिर से मुमुक्षुओं एवं तपस्वियों की भव्य रथयात्रा निकाली गई। श्रद्धालु भक्ति भाव के साथ रथयात्रा में शामिल हुए। यात्रा श्री जिनकुशल सूरि दादाबाड़ी पहुंची, जहां धार्मिक वातावरण में आगे के कार्यक्रम संपन्न हुए।
इसके बाद सुबह 9:15 बजे श्री धर्मनाथ जिनालय में प. पू. मुनि श्री संवेगरत्नसागरजी म.सा. के श्रीमुख से विरति संवेदना का कार्यक्रम हुआ। इस दौरान मुनिश्री ने मुमुक्षुओं को आशीर्वचन देते हुए संयम मार्ग के महत्व और आध्यात्मिक जीवन की प्रेरणा दी। उन्होंने मुमुक्षु आत्माओं को आशीर्वाद प्रदान किया। उनके वचनों से उपस्थित श्रद्धालुओं को भी धर्म और आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। कार्यक्रम के दौरान नवकारसी और साधार्मिक वात्सल्य की व्यवस्था भी रही।
शाम 7 बजे संयम संवेदना एवं संगीत कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें भावनगर के श्री मिलन मेहता और रायपुर के राहुल झाबक ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। भक्ति संगीत के माध्यम से संयम, वैराग्य और आत्मकल्याण के भावों को अभिव्यक्ति मिली।
कल बच्चे करेंगे स्नात्र पूजा, बालमुमुक्षु निपुण बैद को करेंगे समर्पित।
संयम संग्रामोत्सव का तीसरा और अंतिम दिन सोमवार, 23 नवंबर को सिद्धि दायक दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर सुबह 9 बजे श्री ज्ञान वल्लभ उपाश्रय, विवेकानंद नगर में भव्य स्नात्र पूजा होगी। संभव संस्कार सुरभि पाठशाला के बच्चे इस धार्मिक विधि को संपन्न करेंगे और पूरी पूजा बालमुमुक्षु निपुण बैद को समर्पित करेंगे। बालमुमुक्षु निपुण बैद की संयम यात्रा के प्रति बच्चों की यह विशेष भक्ति और अनुमोदना महोत्सव के अंतिम दिन का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
तीन दिवसीय महोत्सव खरतरगच्छाचार्य छत्तीसगढ़ रत्न प. पू. श्री जिनपीयूषसागरसूरीश्वरजी म.सा. के शिष्यरत्न प. पू. मुनि श्री संवेगरत्नसागरजी म.सा. आदि ठाणा तथा प. पू. कैवल्यधाम तीर्थ प्रेरिका निपुणा श्रीजी म.सा. की विदुषी शिष्या प्रवचन प्रभाविका प. पू. मंजुलाश्रीजी म.सा. आदि ठाणा की पावन निश्रा में संपन्न हो रहा है।
महोत्सव का मूल भाव ‘एक नई शुरुआत – पर से स्व की ओर, संसार से मोक्ष की ओर’ रखा गया है। श्री ऋषभदेव मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में हो रहे इस महोत्सव का संयोजन ट्रस्टी राजेंद्र गोलछा (हेमू) कर रहे हैं।