रायपुर - श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक समाज एवं चातुर्मास समिति विवेकानंद नगर द्वारा रविवार 23 अगस्त को ‘गिरनार भाव यात्रा’ का भक्तिभाव से निकाली जाएगी। गिरनार भाव यात्रा सुबह 7.30 बजे विवेकानंद नगर स्थित लाभार्थी परिवार के निवास स्थान से टेगौर नगर पटवा भवन के लिए निकलेगी।
चातुर्मास समिति के महासचिव सुरेश बरड़िया ने बताया कि गिरनार भाव यात्रा नमिउण-लघुनिधान तीर्थ पुणेता, छत्तीसगढ़ श्रृंगार के भाव के साथ आयोजित की जा रही है। इसमें परम पूज्य खरतरगच्छाचार्य श्री जिन पीयूषसागर सूरीश्वरजी म.सा. के शिष्यरत्न प.पू. मुनि श्री संवेगरत्न सागरजी म.सा. आदि ठाणा-5 का पावन सानिध्य रहेगा। साथ ही परम पूज्य मंजुला श्रीजी म.सा. आदि ठाणा का भी सानिध्य प्राप्त होगा।
भाव यात्रा के लाभार्थी परिवार में श्रीमती आभा-राजेश एवं महिमा-गौरव दुनिया परिवार हैं। परिवार के पलक-प्रखर, गरिमा-स्नेह, अव्यान और निविका गोलछा भी आयोजन में सहभागी रहेंगे।
कार्यक्रम के पश्चात साधर्मिक वात्सल्य का आयोजन श्री रत्नप्रभसूरि सदन, विवेकानंद नगर में किया जाएगा। यात्रा के दौरान सहस्राब्दि प्रतिकृति दर्शन एवं चैत्यवंदन भी किया जाएगा। आयोजकों ने श्रावकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक आयोजन का लाभ लेने की अपील की है।
श्री गिरनार नेमी तप का 28 अगस्त को पारणा।
विवेकानंद नगर के श्री ज्ञानवल्लभ उपाश्रय में जारी सर्वमंगलमय वर्षावास में ‘श्री गिरनार नेमी तप’ की आराधना जारी है। तप का शुभारंभ 7 अगस्त को हुआ था। करीब 150 तपस्वी श्री गिरनार नेमी तप कर रहे हैं। तप का पारणा 28 अगस्त शुक्रवार को होगा। सभी तपस्वी श्री गिरनार भाव यात्रा में शामिल होंगे। भाव यात्रा के टेगौर नगर पटवा भवन पहुंचने के पश्चात धर्मसभा का आयोजन होगा। यहां श्रावक-श्राविकाएं मुनि भगवंतों के मुखारबिंद से जिनवाणी का श्रवण करेंगे।