रायपुर, 12 जुलाई 2026 - श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, रायपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री सतपाल जी जैन एवं नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों व सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को समता कॉलोनी स्थित मैक कॉलेज ऑडिटोरियम में जैन संस्कार विधि के अनुसार अत्यंत गरिमामय एवं आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में समाज के वरिष्ठजनों, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री सतपाल जी जैन ने की। मंच पर उनके साथ निवर्तमान अध्यक्ष श्री गौतमचंद जी गोलछा, अखिल भारतीय तेरापंथ महासभा के सक्रिय कार्यकर्ता श्री दानमल जी पोरवाल (भिलाई), मुख्य अतिथि अग्रवाल सभा, रायपुर के अध्यक्ष श्री विजय जी अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, कांटाभांजी के अध्यक्ष श्री अजय जी जैन विराजमान थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री मनोज बोथरा एवं श्री अभिषेक गांधी द्वारा सभा गीत के सुमधुर संगान से हुआ। इसके पश्चात अखिल भारतीय तेरापंथ महासभा की कार्यकारिणी के सदस्य श्री निर्मल बेंगानी ने श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन किया, जिसे उपस्थित परिषद ने सामूहिक रूप से दोहराकर धर्म एवं संघ के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
संस्कारक श्री सूर्यप्रकाश बैद एवं श्री अनिल दुगड़ ने नवकार महामंत्र एवं लोगस्स के ध्यान के साथ विभिन्न मंत्रोच्चार कर जैन संस्कार विधि के अनुरूप शपथ ग्रहण समारोह को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की। सर्वप्रथम निवर्तमान अध्यक्ष श्री गौतमचंद जी गोलछा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री सतपाल जी जैन को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई। इसके पश्चात श्री सतपाल जी जैन ने अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को सामूहिक शपथ दिलाई।
श्री नीरज जैन ने श्री सतपाल जी का संक्षिप्त जीवन परिचय पढ़ाl
अपने प्रथम अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री सतपाल जी जैन ने समाज द्वारा सौंपे गए दायित्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभा समाजहित, संस्कार, संगठन एवं सेवा के विभिन्न आयामों पर समर्पित भाव से कार्य करेगी। उन्होंने आगामी नवंबर माह में गुरु दर्शन हेतु समाजजनों के लिए निःशुल्क संघ यात्रा की घोषणा की तथा इस पुण्य कार्य के प्रायोजक श्री इंदरचंद जी - पंकज जी पारख परिवार के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।
भिलाई से पधारे श्री दानमल जी पोरवाल ने अपने उद्बोधन में रायपुर में अणुव्रत आंदोलन एवं जीवन विज्ञान के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष बल दिया। मुख्य अतिथि श्री विजय जी अग्रवाल ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएँ देते हुए अग्रवाल समाज एवं जैन समाज के मध्य सामाजिक एवं सांस्कृतिक सहयोग को और अधिक सुदृढ़ बनाने का विश्वास व्यक्त किया।
विशिष्ट अतिथि श्री अजय जी जैन ने अपने प्रेरक उद्बोधन में आचार्य श्री महाप्रज्ञ जी के 107वें जन्मदिवस के पावन अवसर पर सभी को शुभकामनाएँ देते हुए नवगठित कार्यकारिणी के सफल, सक्रिय एवं गौरवपूर्ण कार्यकाल की मंगलकामना की।
निवर्तमान अध्यक्ष श्री गौतमचंद जी गोलछा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उनकी टीम को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास दिलाया कि संघ एवं सभा के हित में वे भविष्य में भी तन, मन एवं धन से सदैव सहयोग प्रदान करते रहेंगे। उन्होंने इस अवसर पर श्री सतपाल जी से रायपुर समाज हेतु विवेकानंद नगर एवं कमल विहार स्थित भूमि पर पूर्व की कार्यवाही को आगे बढ़ाते हुए जल्द से जल्द नवीन तेरापंथ भवन निर्माण हेतु कार्य प्रारम्भ करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर सभा के वरिष्ठ श्रावक श्री संपत जी डागा तथा अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री हनुमान जी अग्रवाल, तेरापंथ महिला मंडल से श्रीमती प्रतिभा जी पोकरना, तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष श्री आकाश जी बैद, तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम के सचिव श्री कलश जी नाहर एवं अणुव्रत समिति के अध्यक्ष श्री कनक जी छाजेड ने भी सभा को बधाई व शुभकामनायें देते हुए अपने प्रेरक विचार व्यक्त किए। श्री कमल जी दुगड़ के नेतृत्व में समाज की ओर से बधाई गीत प्रस्तुत किया गया। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शाल एवं श्रीफल भेंट कर अध्यक्ष श्री सतपाल जी जैन एवं उनकी पूरी कार्यकारिणी का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के अंत में नवमनोनीत सचिव श्री बसंत गोयल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। अध्यक्ष महोदय की अनुमति से उपाध्यक्ष श्री चंद्रकांत लुंकड़ ने समारोह की विधिवत समाप्ति की घोषणा करते हुए सभी से साधार्मिक वात्सल्य का लाभ ग्रहण करने का विनम्र अनुरोध किया।
इस भव्य एवं सफल समारोह के प्रायोजक श्री सतपाल जी–नितेश जी जैन परिवार रहे। कार्यक्रम का प्रभावी, सुसंगठित एवं आकर्षक संचालन श्री विकास सिपानी ने किया। समारोह ने समाज में संगठन, संस्कार एवं सेवा की भावना को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए सभी उपस्थितजनों पर गहरी छाप छोड़ी।