रायपुर - राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर में दशलक्षण पर्यूषण महापर्व इस वर्ष अध्यात्म, तप और भक्ति के अलौकिक शिखर को छूता हुआ संपन्न हुआ। समयोपदेश वर्षायोग 2026 के अंतर्गत परम पूज्य मुनि श्री आगम सागर जी महाराज, मुनि श्री पुनीत सागर जी महाराज, एलक श्री धैर्य सागर जी महाराज एवं एलक श्री स्वागत सागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में समूचा रायपुर शहर धर्ममय हो उठा।
सकल दिगम्बर जैन समाज रायपुर के अध्यक्ष संजय नायक जैन ने बताया कि मुनि श्री आगम सागर जी महाराज की ओजस्वी देशना, सहज-सरल मार्गदर्शन और वात्सल्यमयी उपस्थिति ने श्रद्धालुओं के जीवन में धर्म का सच्चा मार्ग प्रशस्त किया। पूज्य महाराज श्री ससंघ के सानिध्य में प्रतिदिन प्रातः 5 बजे ध्यान-योग की गहन कक्षाओं से लेकर जिनेंद्र प्रभु के अभिषेक, शांतिधारा, मुनि श्री के हृदयस्पर्शी मंगल प्रवचनों, तत्त्वार्थ सूत्र की गूढ़ कक्षाओं, आचार्य भक्ति एवं संगीतमय महाआरती रात्रिकालीन वैयावृत्ति से वातावरण प्रतिदिन दिव्य भक्ति से सराबोर रहा। पूज्य मुनि श्री की प्रेरणा से ही अनेक श्रद्धालुओं ने कठिन व्रत एवं दशलक्षण तप का मार्ग स्वीकार किया।
क्षमावाणी (क्षमा पर्व) का पर्व
जैन दर्शन में क्षमावाणी केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आत्मा को निर्मल बनाने का महायज्ञ है। क्रोध, मान, माया और लोभ जैसे विकारों का त्याग कर 'उत्तम क्षमा' धर्म को धारण करना ही दशलक्षण पर्व का वास्तविक सार है। इसी भावना के साथ रविवार, 27 सितम्बर 2026 को दोपहर 1:00 बजे से सामूहिक क्षमावाणी महापर्व का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर रायपुर का समस्त जैन समाज एक मंच पर एकत्र होकर "उत्तम क्षमा" भाव के साथ वर्षभर में जाने-अनजाने में हुई गलतियों के लिए परस्पर हाथ जोड़कर क्षमा याचना "मिच्छामि दुक्कडं" करेगा तथा वैर-भाव को भुलाकर आत्मीयता व प्रेम का संदेश देगा।
इसी क्रम में दशलक्षण धर्म के कठिन व्रतों एवं तपस्या का पालन करने वाले तपस्वियों के महान तप की अनुमोदना करते हुए उनका भव्य अभिनंदन व सम्मान तथा द्वितीय पारणा महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम की दिव्य रूपरेखा रविवार, 27 सितम्बर 2026 प्रातः 06:30 बजे: जिनेन्द्र देव का भव्य नित्यमह अभिषेक एवं शांतिधारा,प्रातः 07:30 बजे: देव, शास्त्र, गुरु के परम सानिध्य में तपस्वियों एवं सकल दिगम्बर जैन समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा,प्रातः 08:30 बजे: व्रतियों एवं तपस्वियों का द्वितीय पारणा एवं भव्य सम्मान समारोह,प्रातः 09:00 बजे: पूज्य मुनि श्री आगम सागर जी महाराज का मंगल प्रवचन विशेष देशना,प्रातः 10:00 बजे: पूज्य मुनि ससंघ की निर्विघ्न आहारचर्या,दोपहर 01:00 बजे: सकल दिगम्बर जैन समाज, रायपुर का सामूहिक क्षमावाणी महापर्व,संध्या 07:30 से 08:30 बजे: तत्त्वार्थ सूत्र की विशेष कक्षा/प्रवचन एलक 105 श्री धैर्य सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न होगा।
इस गरिमामय आयोजन के आयोजक सकल दिगंबर जैन समाज, रायपुर हैं तथा कार्यक्रम का मुख्य समन्वय श्री जैन युवा महासभा, रायपुर (छ.ग.) द्वारा किया जा रहा है। सकल जैन समाज एवं युवा महासभा ने रायपुर के समस्त श्रद्धालुओं एवं धर्मानुरागियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पूज्य मुनि ससंघ का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा इस पावन क्षमावाणी पर्व को सफल बनाने की विनम्र अपील की है।
सूचनादाता - प्रणीत जैन (मीडिया प्रभारी)
सकल दिगम्बर जैन समाज, रायपुर (छ.ग.)