रायपुर - भैरव सोसायटी धर्म नगरी रायपुर की पुण्य धरा पर भगवान श्री नेमिनाथ के पावन जन्म एवं दीक्षा कल्याणक महोत्सव का भव्य आयोजन 15 अगस्त 2026, शनिवार को किया जाएगा। यह धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन श्रीहीरसूरी आराधना भवन में प्रातः 9 बजे से आयोजित होगा। आयोजन में भगवान नेमिनाथ जी के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को भावपूर्ण एवं जीवंत प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
महोत्सव में तपस्वी रत्न, प्रखर प्रवचनकारिका एवं सरल हृदया परम पूज्य साध्वीवर्या श्री सिद्धांतज्योति श्री जी.म.सा. आदि ठाणा की पावन निश्रा प्राप्त होगी। उनके सान्निध्य में होने वाला यह आयोजन धर्मावलंबियों के लिए विशेष आध्यात्मिक अवसर रहेगा।
राजदरबार से प्रभु के जन्मोत्सव तक दिखेंगे मनोहारी प्रसंग
महोत्सव की विशेष प्रस्तुतियों में भव्य राजदरबार, भगवान नेमिनाथ के जन्म अवसर पर 14 स्वप्न एवं 56 दिग्कुमारियों द्वारा जन्म महोत्सव, प्रियंवदा द्वारा प्रभु के जन्म की बधाई तथा भगवान नेमिनाथ की बारात (जान) जैसे मनोहारी प्रसंग प्रस्तुत किए जाएंगे।
इसके साथ ही जीवदया एवं अहिंसा का संदेश देने वाले पशु-पक्षियों की करुण पुकार, रथ पलटने का प्रसंग तथा राजुल के भावपूर्ण विलाप को भी मंच पर सजीव रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान नेमिनाथ के त्याग, वैराग्य, करुणा और अहिंसा के संदेश को श्रद्धालुओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
आयोजन में भगवान श्री नेमिनाथ से संबंधित प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की जाएगी। प्रश्नों के सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में उपस्थित होकर धार्मिक आराधना एवं आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया है।
कार्यक्रम एवं स्वामी वात्सल्य के लाभार्थी परिवारों में स्मृतिशेष रतनचंदजी लुंकड़ की स्मृति में मातुश्री लक्ष्मीदेवीजी लुंकड़ की प्रेरणा से लुंकड़ परिवार, रायपुर
श्री नेमिनाथ-राजुल के लाभार्थी परिवार के रूप में शांतिदेवीजी-अजयजी सिसोदिया परिवार तथा भगवान नेमिनाथ के माता-पिता के लाभार्थी परिवार के रूप में प्रकाशचंदजी-लीलादेवी, पारख परिवार
वहीं प्रियंवदा दासी के लाभार्थी परिवार के रूप में देव पुष्प सोनीगरा परिवार
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश से पधार रहे सिंगर लखन भाई अपनी विशेष प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही विमलनाथ महिला मंडल द्वारा भी विशेष प्रस्तुति दी जाएगी, जो महोत्सव को और अधिक भावपूर्ण एवं आकर्षक बनाएगी।
आयोजन को सफल बनाने में श्री विमलनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर ट्रस्ट एवं आध्यात्मिक चातुर्मास समिति द्वारा तैयारियां की जा रही हैं।
स्थान : श्रीहीरसूरी आराधना भवन, रायपुर
दिनांक : 15 अगस्त 2026, शनिवार
समय : प्रातः 9 बजे से
पावन निश्रा : परम पूज्य साध्वीवर्या श्री सिद्धांतज्योति श्री जी.म.सा. आदि ठाणा
आयोजक : श्री विमलनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर ट्रस्ट एव अदभुत अनुपम आध्यात्मिक चातुर्मास समिति